जींद, 12 मई।
जिले में साइबर ठगों ने खुद को परिजन और परिचित बताकर दो अलग-अलग मामलों में लोगों को कुल छह लाख रुपये की ठगी का शिकार बना दिया। मामले सामने आने के बाद साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली शिकायत गांव जलालपुरा कलां निवासी सुरेंद्र की ओर से दी गई है। उन्होंने बताया कि उनका भतीजा हिमांशु पिछले एक वर्ष से कनाडा में पढ़ाई कर रहा है। 20 अप्रैल को उनके मोबाइल पर व्हाट्सऐप कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को हिमांशु बताते हुए परिवार का हालचाल पूछा और फिर खाते में रकम भेजने की बात कहकर बैंक खाते की जानकारी मांग ली। इसके बाद उनके मोबाइल पर 15 लाख 15 हजार रुपये आने का संदेश भी आया। कुछ देर बाद एक और कॉल आई, जिसमें सामने वाले ने खुद को हिमांशु का दोस्त बताया और दो लाख रुपये एक बताए गए खाते में भेजने के लिए कहा। बाद में लगातार और रकम की मांग होने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
दूसरे मामले में एचकेआरएन के तहत सिंचाई विभाग में कार्यरत अजय ने शिकायत दी है कि उनके जानकार गांव भाणा निवासी मंसू ऑस्ट्रेलिया में रहते हैं। 10 मई को उनके मैसेंजर पर संदेश आया, जिसमें पहले परिवार का हालचाल लिया गया और फिर खाते में 10 लाख 40 हजार 600 रुपये जमा होने की पर्ची भेजकर राशि बाद में लेने की बात कही गई। इसके बाद दो लाख 45 हजार रुपये एक एजेंट को देने के लिए कहा गया ताकि कागजी कार्रवाई पूरी हो सके। आरोपियों द्वारा भेजे गए खाते में उन्होंने राशि भेज दी, लेकिन इसके बाद भी लगातार मांग बढ़ती गई और ठगी का पता चला।
साइबर थाना पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








.jpg)


