उज्जैन, 12 मई।
प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री तमन्ना भाटिया मंगलवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंचीं, जहां उन्होंने विश्वप्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान वे महाकाल मंदिर में आयोजित भस्म आरती में भी सम्मिलित हुईं।
अभिनेत्री तड़के लगभग तीन बजे मंदिर परिसर पहुंचीं और नंदी हाल में बैठकर पूरी श्रद्धा के साथ भस्म आरती का दर्शन किया। इस दौरान वे मस्तक पर चंदन धारण किए हुए पूर्ण रूप से भक्ति भाव में लीन दिखाई दीं। उन्होंने लगभग दो घंटे तक भस्म आरती के दिव्य आयोजन का अवलोकन किया। आरती संपन्न होने के बाद उन्होंने नंदी जी का विधिवत पूजन-अभिषेक किया तथा नंदी के कान में अपनी मनोकामना व्यक्त की। इसके पश्चात उन्होंने चांदी द्वार से भगवान महाकाल को जल अर्पित कर आशीर्वाद ग्रहण किया।
भस्म आरती के उपरांत मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा प्रतीत हुआ मानो स्वयं भगवान ने उन्हें दर्शन के लिए बुलाया हो, क्योंकि बाबा महाकाल के आह्वान पर ही भक्त यहां पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि यहां आकर अत्यंत आत्मिक शांति का अनुभव हुआ तथा भस्म आरती का अनुभव शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। उन्होंने यह भी कहा कि आरती के दौरान जो सामूहिक ऊर्जा का अनुभव होता है, वह अत्यंत अद्भुत है और ऐसा दृश्य अन्यत्र दुर्लभ है।
इधर, मंदिर परिसर में अभिनेत्री की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। भस्म आरती के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया था।









.jpg)

