जौनपुर 11 मई।
जौनपुर में जलालपुर थाना क्षेत्र के त्रिलोचन महादेव मंदिर परिसर में सोमवार सुबह उस समय स्थिति बिगड़ गई जब एक नई स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं और राहगीरों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई। इस हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने अचानक नियंत्रण खो दिया और वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलने पर एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल अरविंद राजभर (32) निवासी कोड़री तथा प्रमोद कुमार (32) निवासी गढ़ कोड़री की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों में विशाल मिश्रा (26) निवासी बराई, आयुष (21) निवासी बराई तथा अंजलि पटेल (14) निवासी करिखियाव, फूलपुर वाराणसी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार कुल सात लोगों को उपचार के लिए लाया गया था। घटना के बाद कुछ समय के लिए मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। मौके से वाहन को क्रेन की सहायता से थाने लाकर जब्त कर लिया गया तथा चालक आदित्य विश्वकर्मा पुत्र आनंद विश्वकर्मा को हिरासत में ले लिया गया। बताया गया कि वह हाल ही में नई कार लेकर मंदिर दर्शन करने आया था और उसी दौरान यह घटना हो गई। सभी घायलों का उपचार जारी है।












