पश्चिमी सिंहभूम, 06 मई।
पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध खनन और खनिजों के अनधिकृत परिवहन पर नियंत्रण के लिए खनन विभाग ने मंगलवार देर रात शहर में विशेष जांच अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की। इस दौरान कई स्थानों पर वाहनों की गहन जांच की गई।
खान निरीक्षक देवानंद शर्मा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में दो वाहनों को जब्त किया गया।
पोस्ट ऑफिस चौक पर जांच के दौरान एक ट्रैक्टर को रोका गया, जिसमें लगभग 100 घनफीट बालू लदा पाया गया। चालक के पास खनिज परिवहन से संबंधित कोई वैध चालान प्रस्तुत नहीं किया गया, जिसके बाद वाहन को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
इसी क्रम में बस स्टैंड चौक पर एक हाईवा वाहन की जांच की गई, जिसमें करीब 1200 घनफीट गिट्टी लदी हुई थी। जांच के दौरान प्रस्तुत चालान में केवल 500 सीएफटी गिट्टी का उल्लेख पाया गया, जो वास्तविक मात्रा से काफी कम था। इसे ओवरलोडिंग और गलत विवरण के आधार पर जब्त कर लिया गया।

खनन निरीक्षक ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है। जब्त दोनों वाहनों को झारखंड मिनरल रूल्स-2017 (संशोधित-2026) के तहत जुर्माना वसूली तक सदर थाना को सौंप दिया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार इसी तरह अभियान जारी रहेगा।



.jpg)


.jpg)





