मध्य प्रदेश
11 May, 2026

सिंहस्थ-2028 की तैयारियां तेज, उज्जैन में घाटों तक आसान पहुंच पर फोकस

उज्जैन में सिंहस्थ-2028 महापर्व की तैयारियों के तहत प्रशासन शिप्रा नदी के घाटों तक सुगम पहुंच मार्ग विकसित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने के लिए व्यापक निरीक्षण व निर्माण कार्य कर रहा है।

उज्जैन, 11 मई।

सिंहस्थ-2028 महापर्व को लेकर उज्जैन में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। करोड़ों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा शिप्रा नदी के घाटों तक सुगम पहुंच और सुरक्षित स्नान व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के बाद सिंहस्थ आयोजन की तैयारियों को लेकर प्रतिदिन सुबह निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को संभागायुक्त, कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शिप्रा तट पर पैदल भ्रमण कर निर्माणाधीन घाटों और प्रस्तावित मार्गों का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विक्रांत भैरव मंदिर से लेकर उन्हेल रोड ब्रिज तक लगभग पांच किलोमीटर क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर शिप्रा नदी के किनारे बन रहे घाटों की स्थिति का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पहुंच मार्गों के स्थान चिन्हित किए।

इस दौरान यह भी निर्देश दिए गए कि घाटों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए सुविधाजनक एप्रोच रोड विकसित किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के घाटों तक पहुंचाया जा सके। अब तक तीन दिनों के निरीक्षण में लगभग 18 किलोमीटर क्षेत्र में 60 से अधिक स्थानों पर प्रस्तावित मार्ग चिन्हित किए जा चुके हैं।

निरीक्षण में विक्रांत भैरव मंदिर, श्री कालभैरव मंदिर, मंगलनाथ मंदिर, अंगारेश्वर मंदिर, सिद्धवट मंदिर सहित कई प्रमुख स्थलों के समीप घाटों तक पहुंच मार्ग बनाने की योजना तैयार की गई है। साथ ही पार्किंग क्षेत्रों से सीधे घाटों तक पहुंचने के लिए रैम्प और एप्रोच रोड के निर्माण पर भी विशेष जोर दिया गया है।

अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रस्तावित स्थलों पर ही विकास कार्य करें और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि सिंहस्थ के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़