सोमनाथ, 11 मई।
प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर में सोमवार को एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक क्षण देखने को मिला, जब मंदिर के 90 मीटर ऊंचे शिखर पर पहली बार कुंभाभिषेक सम्पन्न किया गया। इस विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 11 पवित्र तीर्थों के जल से शिखर का अभिषेक किया।
कुंभाभिषेक की प्रक्रिया विशेष क्रेन की सहायता से संपन्न की गई। इसके बाद प्रधानमंत्री ने गर्भगृह में भगवान सोमनाथ महादेव का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना भी की। पूरे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय वातावरण गूंजता रहा।
इस आयोजन के दौरान भारतीय वायुसेना के चेतक हेलीकॉप्टरों से मंदिर परिसर पर पुष्पवर्षा की गई, जिससे माहौल और भी दिव्य एवं आध्यात्मिक हो गया। वहीं, वायुसेना की ‘सूर्यकिरण’ टीम ने छह हॉक एमके-132 विमानों के साथ आकाश में भव्य प्रदर्शन कर श्रद्धालुओं को आकर्षित किया।
सोमनाथ मंदिर की पुनःप्रतिष्ठा के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 8 से 11 मई तक ‘सोमनाथ अमृत पर्व’ का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान 51 ब्राह्मणों द्वारा अतिरुद्र पाठ और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तीन दिवसीय महारुद्र यज्ञ में सवा लाख आहुतियां दी गईं।
इसी क्रम में 8×9 फुट के विशाल कलश से मंदिर शिखर पर कुंभाभिषेक कर इस पूरे आयोजन को ऐतिहासिक और आध्यात्मिक रूप से विशेष बना दिया गया।



.jpg)


.jpg)




