आगरमालवा, 11 मई।
मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के बड़ौद क्षेत्र में नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 15 वर्षीय नाबालिग के साथ आरोपी साहिल पठान द्वारा छेड़छाड़ की गई थी। घटना के बाद पीड़िता ने पूरी बात अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद रविवार देर रात थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में दबिश दी और उसे प्रजापत धर्मशाला के पास स्थित उसके निवास स्थान से हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है।











