अपराध
11 May, 2026

बीजापुर में नक्सलियों का बड़ा भंडाफोड़, पहाड़ी बंकर से भारी मशीनरी बरामद

बीजापुर के गंगालूर क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने सर्चिंग के दौरान पहाड़ी बंकर से नक्सलियों द्वारा छिपाई गई विस्फोटक निर्माण सामग्री और मशीनरी बरामद की।

बीजापुर, 11 मई

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना गंगालूर क्षेत्र के ग्राम डोडीतुमनार के पटेलपारा स्थित पहाड़ी इलाके से नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में मशीनरी और अन्य सामग्री बरामद की गई है, जिसका उपयोग विस्फोटक निर्माण और तकनीकी गतिविधियों में किया जाता था।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डोडीतुमनार के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में नक्सली गतिविधियां लंबे समय से संचालित हो रही हैं और वहां बड़ी मात्रा में सामान छिपाकर रखा गया है। इस सूचना के आधार पर पुलिस सहायता केंद्र पीडिया और थाना गंगालूर की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाया।

सर्चिंग के दौरान जवानों को जमीन के भीतर छिपाया गया एक संदिग्ध बंकर मिला। सुरक्षा जांच और डिमाइनिंग प्रक्रिया पूरी करने के बाद बंकर को खोला गया, जहां से नक्सलियों द्वारा डंप किया गया भारी सामान बरामद हुआ।

बरामद सामग्री में दो जनरेटर, दो लेथ मशीन, एक इन्वर्टर, चार बड़ी बैटरियां, एक छोटी बैटरी, आठ सोलर प्लेट, एक मोटर, एक वेल्डिंग मशीन, एक ड्रिल मशीन, एक देशी बीजीएल लॉन्चर, 29 बीजीएल सेल, लगभग 50 मीटर कॉर्डेक्स वायर और दो प्लास्टिक ड्रम शामिल हैं।

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इन सामग्रियों का उपयोग नक्सली विस्फोटक तैयार करने और तकनीकी गतिविधियों को अंजाम देने में करते थे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सर्चिंग अभियान लगातार जारी है और बरामद सामान को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़