भोपाल, 11 मई।
इन दिनों फिल्म ‘द नर्मदा स्टोरी’ अपने अनोखे और रहस्यमयी प्रमोशनल अभियान को लेकर चर्चा में है, जिसने सोशल मीडिया पर काफी हलचल पैदा कर दी है।
नर्मदापुरम से जुड़ी एक कथित रहस्यमयी खबर वायरल हुई, जिसमें दावा किया गया कि पुलिस इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम भदौरिया एक केस की जांच के लिए घर से निकलने के बाद अचानक लापता हो गए हैं। वायरल सामग्री में सीसीटीवी फुटेज जैसे दृश्य, ब्रेकिंग न्यूज़ जैसे ग्राफिक्स और “पुरुषोत्तम भदौरिया कहाँ हैं” जैसे सवालों ने लोगों के बीच डर और जिज्ञासा दोनों को बढ़ा दिया।
यह खबर तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गई और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई। बाद में स्पष्ट हुआ कि यह पूरा मामला फिल्म के प्रमोशनल अभियान का हिस्सा था, जिसे दर्शकों में रोमांच और उत्सुकता पैदा करने के उद्देश्य से तैयार किया गया था।
फिल्म की कहानी रहस्य, अपराध और भावनात्मक घटनाक्रमों से जुड़ी बताई जा रही है, जिसमें एक पुलिस अधिकारी के अचानक लापता होने से जुड़े कई गहरे राज सामने आते हैं।
फिल्म में वास्तविक आईपीएस अधिकारी सिमाला प्रसाद मुख्य भूमिका निभा रही हैं। उनके साथ रघुवीर यादव, मुकेश तिवारी, अंजलि पाटिल, अश्विनी कालसेकर और जरीना वहाब जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
सिमाला प्रसाद वर्तमान में भोपाल पुलिस मुख्यालय में महिला सुरक्षा के उपमहानिरीक्षक पद पर कार्यरत हैं और उन्हें देश के प्रमुख पुलिस अधिकारियों में शामिल माना जाता है। फिल्म का ट्रेलर जल्द जारी किया जाएगा, जबकि इसका प्रदर्शन बारह जून 2026 को सिनेमाघरों में किया जाएगा।










