नोएडा के थाना सेक्टर 24 क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर 22 में स्थित एक पिज़्ज़ा दुकान में कार्यरत कर्मचारी द्वारा पिज़्ज़ा तैयार करते समय उसमें थूक लगाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों में आक्रोश फैल गया। इस मुद्दे को लेकर कुछ लोगों ने थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन भी किया और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार 10 मई की शाम को यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसमें दुकान में काम करने वाला कर्मचारी पिज़्ज़ा बनाते समय अनुचित हरकत करता दिखाई दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मुजम्मिल पुत्र साकिर, निवासी ग्राम गिझौड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।












