श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र में चंडी देवी मंदिर रोपवे के निकट पैदल मार्ग से लगे जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और शिनाख्त व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार दस मई की देर शाम चंडीघाट चौकी को वन विभाग के कर्मचारियों ने सूचना दी कि चंडी देवी मंदिर जाने वाले मार्ग के पास जंगल में एक महिला का शव पड़ा है। इसके बाद थानाध्यक्ष सहित चौकी प्रभारी और महिला उपनिरीक्षक की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस को लगभग 30 से 35 वर्ष की अज्ञात महिला का शव मिला, जो करीब तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। शव की स्थिति खराब होने के कारण महिला का चेहरा स्पष्ट रूप से पहचाना नहीं जा सका।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और फील्ड यूनिट ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। आसपास क्षेत्र में पहचान के प्रयास किए गए, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतका की लंबाई लगभग पांच फुट और रंग गेहूंआ है। उसके शरीर पर बने टैटू पहचान के लिए महत्वपूर्ण सुराग माने जा रहे हैं। दाहिने हाथ की कलाई पर कौशल्या और फूल का टैटू, बाएं हाथ की कलाई पर दिल के आकार में केआर लिखा टैटू तथा हथेली के ऊपर ऊं का टैटू बना हुआ है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी थाने में इस महिला की गुमशुदगी दर्ज हो या कोई जानकारी उपलब्ध हो तो तत्काल सूचना दें, ताकि पहचान की प्रक्रिया पूरी की जा सके। मामले की गंभीरता से जांच जारी है।











