कोलकाता, 11 मई
कोलकाता में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी बिहार और उत्तर प्रदेश से की गई है।
पुलिस के अनुसार मध्यग्राम थाने में दर्ज मामले के तहत भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस ने बिहार के बक्सर से मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य को हिरासत में लिया, जबकि उत्तर प्रदेश के बलिया से राज सिंह को पकड़ा गया।
तीनों आरोपितों को रविवार को हिरासत में लेने के बाद सोमवार सुबह औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
गौरतलब है कि उत्तर चौबीस परगना जिले के मध्यग्राम क्षेत्र में बीते 5 मई की रात चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।











