कानपुर, 11 मई।
सेंट्रल जोन पुलिस ने सोमवार को खोए और चोरी हुए 101 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए, जिनकी कुल कीमत लगभग 22 लाख रुपये बताई गई है। मोबाइल वापस मिलने पर लंबे समय से उम्मीद खो चुके लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस कमिश्नरेट के प्रति आभार व्यक्त किया, वहीं कई लोग भावुक भी हो गए।
मोबाइल मिलने के लिए बड़ी संख्या में लोग पुलिस कार्यालय पहुंचे, जहां डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने विभिन्न कंपनियों के बरामद मोबाइल उनके स्वामियों को सुपुर्द किए। इस दौरान लोगों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। कई लोगों ने बताया कि उनके मोबाइल में महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंकिंग जानकारी, निजी फोटो और अन्य जरूरी डाटा मौजूद था, जिसके वापस मिलने की उम्मीद लगभग समाप्त हो चुकी थी।
डीसीपी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि सर्विलांस टीम द्वारा विशेष अभियान चलाकर कुल 101 खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन रिकवर किए गए हैं। कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन ट्रैकिंग जैसे आधुनिक तकनीकी साधनों की मदद से इन मोबाइलों का पता लगाया गया और उन्हें बरामद किया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस टीम लगातार ऐसे मामलों पर कार्य कर रही है ताकि आम लोगों की कीमती वस्तुएं सुरक्षित रूप से वापस मिल सकें। इस अभियान के माध्यम से न केवल मोबाइल फोन लौटाए गए, बल्कि लोगों का महत्वपूर्ण डेटा और मानसिक संतोष भी सुरक्षित किया गया है।












