कानपुर 11 मई।
कानपुर के अरौल थाना क्षेत्र में सोमवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें डबल डेकर बस और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि बस और ट्रक चालक समेत 11 लोग घायल हो गए। बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश लोग मजदूरी के लिए दिल्ली की ओर जा रहे थे।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम के अनुसार डबल डेकर निजी बस पटना से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक्सप्रेस-वे पर आगे चल रहे अरारोट लदे ट्रक से बस की टक्कर हो गई, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्हौर भेजा गया, जहां से गंभीर रूप से घायल बबलू, नीरज और रितेश को कानपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान बिहार निवासी बबलू (25) और नीरज (27) की मौत हो गई, जबकि रितेश का उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में ओवरटेक के दौरान चालक को झपकी आने की आशंका सामने आई है। हादसे के बाद कुछ समय तक यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस और हाइड्रा मशीन की मदद से वाहनों को हटवाकर सामान्य कर दिया गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना देकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।












