गुजरात के सूरत शहर में हत्या के एक आरोपित को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपित ने हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना लिम्बायत क्षेत्र की है, जहां बीती रात मामूली विवाद के बाद 17 वर्षीय अनुराग उर्फ राज पवार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में फरार चल रहे आरोपित राहुल जोगी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मिठीखाड़ी इलाके में छिपा हुआ है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अचानक पुलिस पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले के दौरान आरोपी ने पुलिस कांस्टेबल मुकेश बागुल पर भी वार किया, जिसमें वे घायल हो गए। इसके बाद आरोपी ने दोबारा हमला करने की कोशिश की, जिस पर पुलिस इंस्पेक्टर डी.डी. चौहान ने आत्मरक्षा में अपनी सर्विस रिवॉल्वर से दो राउंड फायरिंग की।
फायरिंग में एक गोली आरोपी राहुल जोगी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी, जिससे वह गिर पड़ा और उसे मौके पर ही काबू में ले लिया गया।
घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए नई सिविल अस्पताल भेजा गया, जबकि घायल कांस्टेबल मुकेश बागुल को गोधादरा स्थित सनराइज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में आरोपी दर्द से कराहता रहा और इलाज के दौरान उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि अब वह ऐसा नहीं करेगा।
इससे पहले मृतक अनुराग अपने दोस्त के साथ मोबाइल दुकान का भुगतान लेने जा रहा था, तभी गणेश नगर इलाके में आरोपी ने उसे रोककर उसके सीने पर चाकू से कई वार किए थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में हत्या का मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि राहुल जोगी के खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में लगभग 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना के बाद अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।












