राजनीति
11 May, 2026

संयमित उपभोग पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री के संयमित उपभोग के आह्वान पर कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर विफलता का आरोप लगाते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है।

नई दिल्ली, 11 मई

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संयमित उपभोग के आह्वान की कड़ी आलोचना की। विपक्ष ने प्रधानमंत्री की ओर से जनता से त्याग और मितव्ययिता अपनाने की अपील को सरकार की विफलताओं का संकेत बताया।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जनता से सोना न खरीदने, विदेश यात्रा से बचने, पेट्रोल की खपत घटाने और खाद्य तेल सहित अन्य उपभोग सीमित करने की सलाह देना उनकी सरकार की नाकामी को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले बारह वर्षों में देश की स्थिति ऐसी बना दी गई है कि अब जनता को यह बताया जा रहा है कि क्या खरीदना है और क्या नहीं, जबकि सरकार अपनी जिम्मेदारियों से बच रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री के “बचत के पाठ” पर तंज कसते हुए कहा कि जब आम लोग आर्थिक दबाव से जूझ रहे हैं, तब उन्हें उपदेश दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फरवरी में पश्चिम एशिया में तनाव के दौरान कांग्रेस ने अर्थव्यवस्था, महंगाई और रुपये की गिरती स्थिति को लेकर चेतावनी दी थी, लेकिन उस समय सरकार चुनावी गतिविधियों में व्यस्त रही। खरगे ने सवाल उठाया कि जब अर्थव्यवस्था और खाद्य सुरक्षा पर संकट के संकेत थे, तब प्रधानमंत्री जनसभाओं और कार्यक्रमों में क्यों व्यस्त थे, और अब चुनाव समाप्त होने के बाद जनता पर प्रतिबंध और सलाह क्यों थोपी जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को अपनी वर्षों की विफलताओं का बोझ जनता पर नहीं डालना चाहिए। खरगे ने तुलसीदास की चौपाई का उल्लेख करते हुए कहा कि दूसरों को उपदेश देना सरल है, पर स्वयं उन पर अमल करना कठिन होता है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को हैदराबाद में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और वैश्विक परिस्थितियों के बीच नागरिकों से पेट्रोल-डीजल की बचत करने, विदेशी यात्राएं टालने, सोने की खरीद कम करने और स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की थी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़