असम
12 May, 2026

हिमंत बिस्व सरमा ने ली लगातार दूसरी बार शपथ, असम में राजग सरकार का तीसरा कार्यकाल शुरू

प्रधानमंत्री की मौजूदगी में हिमंत बिस्व सरमा ने असम के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ ली और राज्य में राजग सरकार का तीसरा कार्यकाल शुरू हो गया, जिसमें कई केंद्रीय और राज्य स्तरीय नेता उपस्थित रहे।

गुवाहाटी, 12 मई।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में भाजपा नेता डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने असम के मुख्यमंत्री के रूप में लगातार दूसरी बार शपथ ग्रहण की। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। हालांकि राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की यह लगातार तीसरी सरकार है, जिसकी नींव 2016 में पहली बार सत्ता में आने के साथ रखी गई थी।

खानापारा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण हुई, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, जेपी नड्डा सहित कई वरिष्ठ नेता और विभिन्न राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित रहे। इसी अवसर पर रामेश्वर तेली, अजंता नेओग, असम गण परिषद के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के चरण बोडो ने मंत्री पद की शपथ ली।

विधानसभा चुनाव 2026 में 126 सदस्यीय सदन में राजग ने 102 सीटों पर विजय प्राप्त की, जिनमें भाजपा को 82 सीटें मिलीं, जबकि सहयोगी दलों में अगप को 10 और बीपीएफ को 10 सीटें हासिल हुईं।

समारोह के दौरान पूरे राज्य से पहुंचे लाखों लोगों की मौजूदगी में भारी उत्साह देखने को मिला, जहां जय श्रीराम, भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय आई असम जैसे नारे गूंजते रहे। आयोजन स्थल पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी ताकि भीड़ आसानी से कार्यक्रम देख सके। महिलाओं की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति दर्ज की गई।

मुख्यमंत्री डॉ. सरमा और अन्य मंत्रियों ने असमिया तथा बोडो भाषा में शपथ ली, जबकि समारोह में मुख्यमंत्री पारंपरिक असमिया गमोछा और सफेद धोती-कुर्ता में नजर आए।

इस भव्य समारोह में केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, उपमुख्यमंत्रियों, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों की बड़ी उपस्थिति रही। सुरक्षा के लिए पूरे क्षेत्र में व्यापक इंतजाम किए गए थे ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

|
आज का राशिफल

अपनी गतिविधियों पर पुनर्विचार करें। वैचारिक द्वन्द्व और असंतोष बना रहेगा। किसी सूचना से पूर्ण निर्णय सम्भव। सुख आरोग्य प्रभावित होगा। शत्रुभय, चिंता, संतान को कष्ट, अपव्यय के कारण बनेंगे। आय-व्यय की स्थिति समान रहेगी। किसी नजदीकी शुभचिंतक सलाह उपयोगी सिद्घ होगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 30°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़