सीहोर, 9 जुलाई।
राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के विशेष प्रतिवेदक सुभाष चंद्र ने गुरुवार को सीहोर जिले के आष्टा सांदीपनि स्कूल का निरीक्षण किया। मध्यप्रदेश प्रवास के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विशेष प्रतिवेदक ने स्कूल में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों को देखा। उन्होंने कक्षाओं के साथ विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, संगीत कक्ष और कंप्यूटर कक्ष सहित अन्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया।
सुभाष चंद्र ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। उन्होंने बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डीपीसी रमेशराम उईके सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।















