अपराध
09 Jul, 2026

जमीन के रुपयों के विवाद में बेटे पर पिता की हत्या का आरोप, तलाश जारी

बाड़मेर में जमीन बेचने की रकम के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में बेटे और अन्य लोगों पर पिता की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है।

बाड़मेर, 9 जुलाई।

बाड़मेर जिले के सदर थाना क्षेत्र में जमीन बेचने से मिले रुपयों के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि बेटे ने अपने ससुर, साले और अन्य लोगों के साथ मिलकर 60 वर्षीय पिता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बेटे समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

घटना सदर थाना क्षेत्र के शोभाला जेतमाल गांव स्थित सियोलों की ढाणी की है। मृतक की पहचान रावताराम पुत्र भारमल के रूप में हुई है। मामले की शिकायत मृतक के भाई किस्तुराराम ने पुलिस को दी है।

रिपोर्ट के अनुसार रावताराम के तीन बेटे हैं। दूसरा बेटा रेखाराम काफी समय से पिता से अलग रह रहा था। दोनों के बीच जमीन बेचने से मिली रकम के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

आरोप है कि बुधवार रात रेखाराम अपने ससुर, साले और छह-सात अन्य लोगों के साथ पिता के घर पहुंचा। इस दौरान रुपये के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि सभी लोगों ने मिलकर रावताराम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

हमले में रावताराम के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें तत्काल बाड़मेर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

सदर थाना प्रभारी करतार सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत पर बेटे रेखाराम, उसके ससुर, साले और अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि जमीन बेचने से मिली रकम के बंटवारे को लेकर परिवार में काफी समय से विवाद चल रहा था। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

|
आज का राशिफल

अपनी गतिविधियों पर पुनर्विचार करें। वैचारिक द्वन्द्व और असंतोष बना रहेगा। किसी सूचना से पूर्ण निर्णय सम्भव। सुख आरोग्य प्रभावित होगा। शत्रुभय, चिंता, संतान को कष्ट, अपव्यय के कारण बनेंगे। आय-व्यय की स्थिति समान रहेगी। किसी नजदीकी शुभचिंतक सलाह उपयोगी सिद्घ होगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 30°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़