मीरजापुर, 9 जुलाई।
मीरजापुर जिले में कछवां साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी के शिकार व्यक्ति के खाते से निकाले गए 60 हजार रुपये वापस करा दिए हैं। रकम वापस मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार कछवां थाना क्षेत्र के सरावां निवासी रामबाबू पुत्र स्वर्गीय बद्रीप्रसाद ने एक जुलाई को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात साइबर ठग ने ओटीपी हासिल कर उनके बैंक खाते से 60 हजार रुपये अवैध तरीके से दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में कछवां साइबर सेल ने जांच शुरू की। टीम ने संबंधित बैंक और मर्चेंट से संपर्क कर ठगी गई पूरी राशि को वापस कराने की प्रक्रिया पूरी की।
इसके बाद 60 हजार रुपये सफलतापूर्वक पीड़ित के बैंक खाते में वापस पहुंच गए। रकम मिलने पर रामबाबू थाना पहुंचे और पुलिस अधिकारियों व साइबर सेल टीम के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
पुलिस ने पीड़ित को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही लोगों से अपील की कि वे ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी और गोपनीय विवरण किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान, उपनिरीक्षक शाहिद यादव और आरक्षी संजीत कुमार मौर्य की अहम भूमिका रही।















