बागपत, 9 जुलाई।
बागपत जिले के बड़ौत में हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी की हत्या के आरोपी व्यापारी दीपक अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। एनएच-709बी हाईवे पर हुई इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया था।
घटना 9 जून 2026 की शाम बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में तहसील के पास हुई थी। आरोप है कि वरुण लुहारी अपने साथियों के साथ टेंट कारोबारी सोहनलाल अग्रवाल और उनके बेटे विकास पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या करने के बाद भाग रहा था।
इसी दौरान मृतक के भाई दीपक अग्रवाल ने हाईवे पर ही वरुण लुहारी को निशाना बनाकर गोलियां चला दीं। गोली लगने से वरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद डबल मर्डर की वारदात ट्रिपल मर्डर में बदल गई।
वारदात का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठे थे। वरुण लुहारी के परिजनों की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में पुलिस ने अब दीपक अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है।
बड़ौत सीओ अंशु जैन ने बताया कि वरुण लुहारी की हत्या के मामले में आरोपी दीपक अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि वरुण लुहारी की मौत से जुड़े मामले की जांच अलग से जारी है।















