गोड्डा, 9 जुलाई।
गोड्डा जिले में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक घटना 5 जुलाई की रात की है। भागलपुर जिले के सनोखर थाना क्षेत्र की एक महिला ने 8 जुलाई को महागामा थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि लौगांय गांव के एक युवक ने अपने 5-6 साथियों के साथ मिलकर खोया हुआ मोबाइल खोजने के लिए ओझा-गुनी की मदद लेने का झांसा दिया और इसी बहाने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
महिला की शिकायत के आधार पर महागामा थाना में मुख्य आरोपी मो अकरम सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महागामा वरुण रजक के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।
एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मो अकरम (19) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर इस मामले में शामिल चार अन्य आरोपियों नूर नबी (35), मो युसुफ (22), मो आसिफ (21) और खुर्शीद आलम (23) को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया टोटो वाहन और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। जांच आगे भी जारी है। इस अभियान में महागामा और आसपास के थाना क्षेत्रों की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही।















