जयपुर, 9 जुलाई।
कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। प्रागपुरा थाना पुलिस ने जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पावटा उपखंड के लाडा का बास क्षेत्र में खड़े एक ट्रेलर से 3.6 टन डोडा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 3 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार डोडा को जौ के कट्टों की आड़ में छिपाकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थ से भरे ट्रेलर को जब्त कर लिया और पंजाब के फाजिल्का निवासी निर्मल सिंह (47) तथा सुखदेव सिंह (26) को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद डोडा कहां से लाया गया था और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था।
पुलिस तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है और आगे की कार्रवाई जारी है।















