मेलबर्न, 9 जुलाई।
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ऑस्ट्रेलिया का सच्चा और प्रिय मित्र बताया। मेलबर्न में भारतीय समुदाय के लिए आयोजित कार्यक्रम ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ में अल्बनीज ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया और कहा कि उनकी मेजबानी करना उनके लिए सम्मान की बात है।
मेलबर्न के प्रसिद्ध मार्वल स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग शामिल हुए। अल्बनीज ने कहा कि इस स्टेडियम ने कई यादगार आयोजन देखे हैं, लेकिन भारतीय समुदाय का यह कार्यक्रम बेहद खास है।
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि स्टेडियम में मौजूद लोगों का उत्साह भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत होते संबंधों को यह ऊर्जा और सकारात्मकता आगे बढ़ा रही है।
अल्बनीज ने भारत की अपनी यात्राओं को याद करते हुए कहा कि उन्हें दो बार भारत जाने का अवसर मिला और हर दौरे में उन्होंने देश की विविधता, सुंदरता और लोगों की गर्मजोशी को महसूस किया। उन्होंने 2023 में गुजरात यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए गए स्वागत का भी उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि गुजरात दौरे के दौरान दोनों नेताओं ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रथ की सवारी की थी। उन्होंने कहा कि उस समय भारत और ऑस्ट्रेलिया के लोगों के बीच जो अपनापन महसूस हुआ था, वही भावना मेलबर्न में भारतीय समुदाय के बीच भी दिखाई दे रही है।
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि यह आयोजन दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत रिश्तों, आपसी सम्मान और दोस्ती का उत्सव है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले 10 लाख से अधिक भारतीय मूल के लोगों के योगदान की भी सराहना की।
अल्बनीज ने कहा कि भारतीय समुदाय स्वास्थ्य, सूचना प्रौद्योगिकी, छोटे व्यवसायों और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में ऑस्ट्रेलिया की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने भारतीय छात्रों के योगदान की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि वे ऑस्ट्रेलिया की शिक्षा व्यवस्था और समाज को समृद्ध बना रहे हैं।
उन्होंने भारतीय प्रवासी समुदाय को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जीवंत पुल बताते हुए कहा कि उनकी संस्कृति, मेहनत और समर्पण ने ऑस्ट्रेलिया को अधिक मजबूत, बेहतर और विविध बनाया है।















