आसनसोल, 13 मई।
आसनसोल बाजार क्षेत्र में लंबे समय से बने अतिक्रमण को लेकर अब नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाने का निर्णय लिया है। प्रशासनिक स्तर पर तय किया गया है कि 16 मई से पूरे इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी, जिसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
जानकारी के अनुसार, आसनसोल के व्यवसायिक संगठन चेंबर ऑफ कॉमर्स ने मेयर विधान उपाध्याय को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की थी। इसी पर मंगलवार रात मेयर की ओर से प्रतिक्रिया देते हुए 16 मई से फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी दी गई।
चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभु नाथ झा ने बताया कि बाजार क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संगठनों द्वारा लगातार आवाज उठाई जा रही थी।
उन्होंने कहा कि इस विषय में पूर्व में मेयर को एक पत्र भी सौंपा गया था, जिसमें हट्टन रोड और आसपास के बाजार क्षेत्र में अवैध कब्जों के कारण आम नागरिकों, दुकानदारों और वाहन चालकों को हो रही परेशानी का विस्तार से उल्लेख किया गया था।
चेंबर ऑफ कॉमर्स के अनुसार नगर निगम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब 16 मई से हट्टन रोड क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।
यह अभियान हट्टन रोड मोड़ से इस्माइल मोड़ तक संचालित किया जाएगा, जिससे सड़क को पूरी तरह अवैध कब्जों से मुक्त कराया जा सके।
शंभु नाथ झा ने कहा कि लगातार प्रयासों और संगठनों की मांग के बाद नगर निगम की इस पहल से बाजार क्षेत्र के व्यापारियों और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने मेयर और प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए इस कदम को सकारात्मक बताया।





.jpg)


.jpg)



