मध्य प्रदेश
12 May, 2026

इंदौर में जल संकट को लेकर सड़क पर उतरे लोग, चक्काजाम कर नगर निगम के खिलाफ किया प्रदर्शन

इंदौर के विकास नगर क्षेत्र में लंबे समय से जारी जल संकट के खिलाफ स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया और जल आपूर्ति सुधार की मांग की।

इंदौर, 12 मई।

मध्य प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच इंदौर जिले में गहराया जल संकट अब जन आक्रोश का कारण बन गया है। मंगलवार को विकास नगर क्षेत्र में पानी की भारी कमी से परेशान लोगों ने नगर निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान महिलाओं और पुरुषों ने खाली मटके फोड़कर नाराजगी जताई तथा नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

विकास नगर स्थित पानी की टंकी के पास हुए इस प्रदर्शन का नेतृत्व क्षेत्रीय पार्षद सोनिला मिमरोट ने किया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग खाली मटके और बाल्टियां लेकर सड़क पर धरने पर बैठ गए, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी नारेबाजी की।

स्थानीय पार्षद और निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कई महीनों से जल संकट बना हुआ है, लेकिन नगर निगम की ओर से लगातार की जा रही शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र की जल आपूर्ति को इंटरकनेक्शन के माध्यम से नेहरू नगर की ओर मोड़ा जा रहा है, जिससे विकास नगर और आसपास के क्षेत्रों में पानी का दबाव काफी कम हो गया है। इसके कारण कई घरों में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ गया है।

सड़क पर उतरे लोगों ने मांग की कि जल आपूर्ति व्यवस्था को तुरंत सुधारा जाए और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। लंबे समय तक चले इस प्रदर्शन से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही। मौके पर पहुंचे पुलिस और नगर निगम के कनिष्ठ अधिकारियों ने समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए। हालांकि लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़