पश्चिम बंगाल
12 May, 2026

हावड़ा नगर निगम चुनाव को लेकर हलचल तेज, जल्द प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी

पश्चिम बंगाल सरकार ने लंबे समय से लंबित हावड़ा नगर निगम चुनाव की प्रक्रिया को शीघ्र शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं, और मुख्यमंत्री तथा नगर विकास मंत्री के बीच इस विषय पर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हुआ है।

कोलकाता, 12 मई।

पश्चिम बंगाल में हावड़ा नगर निगम चुनाव को लेकर लंबे समय से चला आ रहा गतिरोध अब समाप्त करने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल के बीच इस मुद्दे पर जल्द चुनाव कराने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई है।

हावड़ा नगर निगम में पिछले लगभग आठ वर्षों से चुनाव नहीं हो सका है। यहां अंतिम बार वर्ष 2013 में चुनाव हुए थे, जबकि निगम का कार्यकाल वर्ष 2018 में ही समाप्त हो गया था। इसके बाद से चुनाव प्रक्रिया की बजाय प्रशासक के माध्यम से नगर निगम का संचालन किया जा रहा है।

नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि हावड़ा नगर निगम चुनाव का लंबित रहना किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने बताया कि पदभार ग्रहण के पहले ही दिन मुख्यमंत्री के साथ इस विषय पर चर्चा की गई थी। सरकार का उद्देश्य है कि हावड़ा के नागरिकों को बेहतर नगर सेवाएं मिलें और इसके लिए चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

वर्ष 2015 में बाली नगर पालिका को समाप्त कर उसे हावड़ा नगर निगम में शामिल किया गया था। इसके बाद 16 नए वार्ड बनाकर उपचुनाव कराए गए, जिसमें उस समय सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने सभी सीटों पर जीत हासिल की थी। बाद में बाली को फिर से अलग नगर पालिका का दर्जा देने के लिए विधानसभा में विधेयक पारित किया गया।

सूत्रों के अनुसार हावड़ा नगर निगम की वित्तीय स्थिति और प्रशासनिक ढांचे को लेकर लंबे समय तक राजभवन और राज्य सरकार के बीच मतभेद बने रहे, हालांकि अब इन मुद्दों पर सहमति बनने की जानकारी सामने आई है।

बीते वर्षों में नगर निगम का संचालन प्रशासक के माध्यम से किया गया, जिसमें अरूप राय और सुजय चक्रवर्ती जैसे नेताओं को जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन नगर सेवाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। अब नई सरकार के गठन के बाद हावड़ा नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां फिर से तेज हो गई हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़