भोपाल, 12 मई।
विश्व योग दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश आयुष विभाग द्वारा एक विशेष अभियान की शुरुआत की जा रही है। मंगलवार से प्रारंभ होने वाले इस “हर घर योग अभियान” के अंतर्गत प्रदेश के 800 स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों तथा सभी चिकित्सालयों में कार्यरत योग प्रशिक्षक 10 से 15 नागरिकों के छोटे समूहों को नियमित रूप से योगाभ्यास कराएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वस्थ जीवनशैली और निरोग शरीर के लिए योग को सर्वोत्तम माध्यम बताया है। यूनेस्को द्वारा 21 जून को विश्व योग दिवस घोषित किया गया है। इसी उद्देश्य से मध्य प्रदेश आयुष विभाग द्वारा योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विद्यालयों और महाविद्यालयों में एक अनुकरणीय अभियान प्रारंभ किया गया है। राज्य सरकार ने सभी आयु वर्ग के लोगों को योग से जोड़ने के लिए योग-सखी और योग-दूत तैयार कर उन्हें सक्रिय रूप से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेशवासियों को योग से जोड़ने के उद्देश्य से यह अभियान 21 जून तक संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत पंडित खुशीलाल आयुर्वेदिक कॉलेज, भोपाल के मास्टर ट्रेनर स्टूडियो से 45 मिनट के लाइव योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान विश्व योग दिवस तक सतत रूप से जारी रहेगा, जिससे नागरिक योग के माध्यम से न केवल स्वस्थ रह सकें बल्कि अपनी आंतरिक क्षमताओं को भी जागृत कर सकें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे घर-घर और जन-जन तक योग को पहुंचाने के इस अभियान में सहभागिता करें तथा सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन की दिशा में आगे बढ़ें।









.jpg)


