उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बबेरू कस्बे में 80 लाख रुपये की पुश्तैनी जमीन को लेकर उपजा विवाद रविवार को भयानक हत्याकांड में बदल गया। इस दिल दहला देने वाली घटना में बड़े बेटे ने अपने ही परिवार पर गोली चला दी, जिसमें मां और छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि वारदात के बाद आरोपी हथियार लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार तिंदवारी रोड निवासी जगदीश ने करीब तीन महीने पहले अपनी जमीन 80 लाख रुपये में चार लोगों को बेची थी। रविवार सुबह खरीदार जमीन की पैमाइश और कब्जा लेने पहुंचे, जिससे परिवार के भीतर विवाद और गहरा गया। जगदीश का बड़ा बेटा राजकिशोर इस बिक्री से नाराज था और उसने कब्जे का विरोध शुरू कर दिया।
विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल गए, जिसमें जगदीश और राजकिशोर की पत्नी प्रभा घायल हो गईं। इसके बाद गुस्से में भरे राजकिशोर ने घर से अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक निकाल ली और अपने पिता पर हमला करने की कोशिश की।
इसी दौरान छोटा भाई देवीदीन अपने पिता को बचाने के लिए बीच में आ गया, लेकिन आरोपी ने फायर कर दिया। गोली सीधे देवीदीन के सीने में लगी और वह मौके पर गिर पड़ा।
भाई को तड़पते देख मां शांति देवी उसे बचाने दौड़ीं, लेकिन आरोपी ने उन पर भी गोली चला दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए वहां से फरार हो गया।
परिजनों ने घायल जगदीश, प्रभा सहित चारों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने देवीदीन और शांति देवी को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल और गांव में चीख-पुकार मच गई और माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए चार टीमें गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और उसे जल्द पकड़ लिया जाएगा।












