पश्चिम बंगाल
12 May, 2026

तृणमूल कार्यकर्ताओं की मौत पर सियासी घमासान, भाजपा पर लगे गंभीर आरोप

पश्चिम बंगाल में दो तृणमूल कार्यकर्ताओं की मौत के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं, जिसमें तृणमूल ने भाजपा पर हमले का आरोप लगाया है जबकि भाजपा ने इन आरोपों को खारिज किया है।

कोलकाता, 12 मई।

पश्चिम बंगाल में दो तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौत के बाद राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। इस घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर मृतकों के नाम और पते साझा करते हुए भाजपा समर्थकों पर हमले का आरोप लगाया है।

तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि हुगली जिले के सप्तग्राम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पोलबा-दादपुर ब्लॉक में पार्टी कार्यकर्ता सोमनाथ आचार्य पर भाजपा समर्थित लोगों ने हमला किया था। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें कोलकाता के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इसी तरह नदिया जिले के चाकदह विधानसभा क्षेत्र के चाकदह ब्लॉक में तपन शिकदार नामक तृणमूल कार्यकर्ता पर भी मारपीट का आरोप लगाया गया है। उन्हें भी गंभीर अवस्था में आर.जी. कर अस्पताल ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

दोनों घटनाओं को लेकर अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में लगातार मौतें हो रही हैं, लेकिन प्रशासन मौन बना हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी राजनीतिक दल का समर्थन करना ही इन लोगों का अपराध बन गया है। उनके अनुसार घटना के बाद भी पुलिस की कार्रवाई धीमी है और दूसरी ओर भाजपा नेता उत्सव में व्यस्त हैं।

वहीं भाजपा विधायक बंकिम घोष ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अभी तक किसी भी प्रकार की राजनीतिक झड़प की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि यह मामला व्यक्तिगत विवाद का है तो पुलिस अपने स्तर पर कार्रवाई करेगी।

उधर हुगली जिले के पोलबा क्षेत्र में हुई घटना को लेकर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक सनी राज ने जानकारी दी कि महानाद गांव की यह घटना चुनाव बाद की हिंसा नहीं है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुछ लोग साथ बैठकर शराब पी रहे थे, जिसके बाद आपसी विवाद में झगड़ा बढ़ गया और मारपीट की घटना हो गई। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर जांच जारी है।

गौरतलब है कि हाल ही में घोषित विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद राज्य में राजनीतिक तनाव और आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़