नई दिल्ली, 07 अप्रैल 2026।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत बुधवार को राजधानी स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में ‘वीमेन इन द वूम ऑफ टाइम’ पुस्तक का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर एक विचार-गोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल होंगे।
आईजीएनसीए के कला निधि प्रभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पुस्तक के लेखक मुकुल कुमार भी उपस्थित रहेंगे। ‘वीमेन इन द वूम ऑफ टाइम: अनवीलिंग एंशिएंट फेमिनिज्म’ शीर्षक से प्रकाशित यह कृति प्राचीन भारतीय परंपरा में स्त्री की भूमिका और विमर्श को नए नजरिए से प्रस्तुत करती है, जो वर्तमान समय में भी प्रासंगिक मानी जा रही है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री शेखावत शामिल होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्म विभूषण से सम्मानित नृत्यांगना और पूर्व सांसद डॉ. सोनल मानसिंह मौजूद रहेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईजीएनसीए ट्रस्ट के अध्यक्ष राम बहादुर राय करेंगे।
विचार-गोष्ठी में शिक्षा और साहित्य जगत से जुड़े कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्व भाग लेंगे। इनमें प्रो. सुषमा यादव, प्रो. मालाश्री लाल, प्रो. सविता रॉय तथा प्रो. रमेश चन्द्र गौड़ शामिल हैं, जो पुस्तक के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा करेंगे।













