नई दिल्ली, 07 अप्रैल 2026।
देश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर चुनाव प्रक्रिया को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम 2026 की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को किया गया, जिसमें विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों को भारत की चुनावी व्यवस्था से अवगत कराया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अन्य चुनाव आयुक्तों के साथ भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन संस्थान में किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश में चुनाव केवल प्रक्रिया नहीं बल्कि लोकतंत्र का उत्सव है, जिसे सफल बनाने के लिए आयोग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता है। उन्होंने प्रतिनिधियों से भारत की विविधता को समझने और अनुभव करने का भी आह्वान किया।
इस पहल के पहले चरण में 23 देशों के 43 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं, जिनमें दिल्ली स्थित पांच विदेशी दूतावासों के सदस्य भी शामिल हैं। ये प्रतिनिधि 8 और 9 अप्रैल को असम, केरल और पुडुचेरी का दौरा करेंगे। यहां वे मतदान से जुड़ी व्यवस्थाओं को करीब से देखेंगे और वास्तविक मतदान प्रक्रिया का निरीक्षण करेंगे।
दूसरे चरण में 20 अप्रैल से प्रतिनिधियों का दौरा पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में प्रस्तावित है, जहां वे चुनावी प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं का अध्ययन करेंगे। इस दौरान वे वितरण केंद्रों, जिला नियंत्रण कक्षों और मीडिया निगरानी केंद्रों का भी अवलोकन करेंगे।
कार्यक्रम के तहत प्रतिनिधियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों का प्रदर्शन भी कराया गया। उन्होंने मॉक पोल में भाग लेकर मतदान प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझा। इस दौरान तकनीकी उपयोग और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर प्रतिनिधियों ने विशेष रुचि दिखाई और विशेषज्ञों के साथ संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।












