भोपाल, 7 अप्रैल 2026।
मध्यप्रदेश में राज्य सूचना आयोग के नवनियुक्त आयुक्तों का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को आयोजित किया गया, जिसमें राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन भी मंच पर उपस्थित रहे।
लोकभवन स्थित सांदीपनि सभागार में आयोजित इस समारोह के दौरान आलोक नागर और राजेश भट्ट को राज्य सूचना आयुक्त के रूप में शपथ दिलाई गई। शपथ के उपरांत राज्यपाल ने दोनों आयुक्तों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल भी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण की प्रक्रिया का संचालन अपर मुख्य सचिव संजय शुक्ल द्वारा किया गया।
समारोह में अवधेश प्रताप सिंह, विजय यादव, ओंकार नाथ, वंदना गांधी, उमाशंकर पचौरी सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और परिजन उपस्थित रहे। इसके साथ ही अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, राज्यपाल के प्रमुख सचिव नवनीत मोहन कोठारी, सचिव आलोक सिंह और पुलिस आयुक्त संजय कुमार भी कार्यक्रम में शामिल हुए।












