मुंबई, 25 मई ।
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां पत्नी से विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपने चार बच्चों को कुएं में फेंक दिया और बाद में खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही जामोद ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और कुएं व घटनास्थल से सभी पांच शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान विजय मुसा किराडिया (35) के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ जामोद तहसील के राजुरा क्षेत्र के भाले अंजन गांव में रहता था।
जानकारी के अनुसार, उसका अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते उसने रविवार को पत्नी को उसके मायके छोड़ दिया था।
बताया गया कि घटना वाले दिन सुबह वह घर के काम में लगा हुआ था, तभी किसी व्यक्ति द्वारा पूछे जाने पर कि उसकी पत्नी कहां है, वह मानसिक रूप से और अधिक परेशान हो गया।
इसके बाद उसने अपने चारों बच्चों को साथ लिया और पास के कुएं में उन्हें फेंक दिया, जिसके बाद खुद पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी शवों को बरामद किया और फोरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है।
गांव में एक साथ पांच शव मिलने से मातम और दहशत का माहौल बन गया है, जबकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।






.jpg)






