चंडीगढ़, 01 अप्रैल 2026
चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर बुधवार शाम हुए धमाके की जिम्मेदारी एक खालिस्तानी आतंकी द्वारा सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से ली गई है। घटना के बाद चंडीगढ़ पुलिस के साथ पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स, राष्ट्रीय जांच एजेंसी और सेना के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा के मद्देनजर कार्यालय की ओर जाने वाले सभी रास्तों को बंद कर दिया गया है, वहीं चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला की ओर जाने वाले मार्गों पर भी सर्च अभियान जारी है।
शाम करीब पांच बजे हुए इस धमाके से परिसर में खड़े कई वाहनों को नुकसान पहुंचा और इमारत की खिड़कियों के शीशे टूट गए। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच प्रारंभ की। इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज से एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक युवक ग्रेनेड का पिन निकालकर उसे फेंकते हुए नजर आ रहा है। घटना के बाद वह पंजाबी भाषा में अपशब्द कहते हुए मौके से फरार हो जाता है। प्रारंभिक आशंका के अनुसार इस वारदात में दो हमलावर शामिल हो सकते हैं।
जांच प्रक्रिया के बीच ही खालिस्तानी आतंकी सुखजिंदर सिंह बब्बर ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। पुलिस ने सोशल मीडिया पर किए गए इस दावे की जांच के लिए साइबर सेल को निर्देश दिए हैं और इसकी सत्यता की पुष्टि की जा रही है।
सोशल मीडिया पर जारी संदेश में आतंकी ने 1 अप्रैल 2026 को सेक्टर-37 में हुए ग्रेनेड हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कई आपत्तिजनक बातें लिखीं। इसमें भारतीय व्यवस्था को लेकर टिप्पणियां की गईं और पंजाब में खालिस्तान बनाने की बात कही गई। साथ ही कुछ अन्य घटनाओं का उल्लेख करते हुए चेतावनी भी दी गई।
चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर ने बताया कि पुलिस की ऑपरेशन सेल, फॉरेंसिक टीमों और राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और सेना के अधिकारी भी इसमें सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर लिए गए हैं और जल्द ही यह स्पष्ट किया जाएगा कि धमाका किसने किया, इसके पीछे क्या मंशा थी और किस प्रकार के विस्फोटक का उपयोग किया गया।




.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)


