मुरादाबाद, 10 अप्रैल 2026।
मुरादाबाद जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह ने गुरुवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की, जिसमें मुख्यमंत्री ने उनके पैतृक ग्राम नूरपुर में कराए गए विकास कार्यों की सराहना की और अमृत सरोवर पर आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रम के लिए उन्हें बधाई दी।
इस भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने नूरपुर में हुए विकास कार्यों को लेकर संतोष जताया और अमृत सरोवर के निर्माण तथा वहां आयोजित धार्मिक आयोजन की प्रशंसा करते हुए उसे उल्लेखनीय बताया।
साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी पंचायत चुनाव, वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव तथा जिला पंचायत द्वारा किए गए विकास कार्यों को लेकर भी चर्चा की।
डॉ. शैफाली सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनके पैतृक गांव नूरपुर में बने ऐतिहासिक अमृत सरोवर के लिए विशेष रूप से बधाई दी और मुरादाबाद जिला पंचायत द्वारा कराए गए कार्यों की भी प्रशंसा की।
उन्होंने यह भी बताया कि मुरादाबाद-संभल मार्ग पर स्थित उनके पैतृक गांव नूरपुर में 15 अगस्त 2022 को तत्कालीन कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह द्वारा अमृत सरोवर निर्माण का शिलान्यास किया गया था, जिसके बाद इसका निर्माण पूरा हुआ।
निर्माण के बाद यह स्थल गांव में एक पर्यटन स्थल के रूप में उभरकर सामने आया है और इसे क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों तथा उद्योगपतियों द्वारा प्रमुख पर्यटन स्थलों की श्रेणी में रखा गया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने यह भी कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिले के सभी ब्लॉकों के 780 से अधिक गांवों में विकास कार्य कराए हैं।





.jpg)




