नई दिल्ली, 10 अप्रैल।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की संभावनाएं फिर से मजबूत होने से वैश्विक शेयर बाजारों में सकारात्मक माहौल बन गया है। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीद ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है, जिसका असर दुनिया भर के बाजारों पर देखने को मिल रहा है। अमेरिकी बाजार पिछले कारोबारी सत्र में मजबूती के साथ बंद हुए, जबकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स में आज हल्की बढ़त दर्ज की जा रही है। इसके विपरीत यूरोपीय बाजारों में दबाव का रुख रहा, लेकिन एशियाई बाजारों में आज व्यापक तेजी देखने को मिल रही है।
अमेरिकी शेयर बाजारों में पिछले सत्र के दौरान सकारात्मक रुख बना रहा और प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 275.88 अंक यानी 0.58 प्रतिशत की तेजी के साथ 48,185.80 अंक पर पहुंच गया। एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.62 प्रतिशत की बढ़त के साथ 6,824.66 अंक पर बंद हुआ। नैस्डेक कंपोजिट 186.66 अंक यानी 0.82 प्रतिशत उछलकर 22,821.66 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स में आज 0.03 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 48,200.25 अंक के आसपास कारोबार देखा गया।
यूरोपीय बाजारों में पिछले सत्र के दौरान दबाव बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.05 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,603.48 अंक पर बंद हुआ। सीएसी इंडेक्स 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,245.80 अंक पर आ गया, जबकि डीएएक्स इंडेक्स 273.64 अंक यानी 1.15 प्रतिशत टूटकर 23,806.99 अंक पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में आज मजबूत तेजी देखने को मिल रही है और लगभग सभी प्रमुख सूचकांक हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी 105.50 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,989.50 अंक पर है। स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.12 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,982.82 अंक पर पहुंचा। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 2.03 प्रतिशत की मजबूत छलांग लगाकर 7,456.01 अंक पर कारोबार कर रहा है। कोस्पी इंडेक्स 1.75 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,879.41 अंक पर है। टोक्यो का निक्केई इंडेक्स 1.68 प्रतिशत की तेजी के साथ 56,832 अंक पर पहुंच गया है, जबकि ताइवान वेटेड इंडेक्स 1.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 35,279.22 अंक पर है। इसके अलावा हैंग सेंग इंडेक्स, शंघाई कंपोजिट और सेट कंपोजिट इंडेक्स भी क्रमशः मजबूती के साथ कारोबार कर रहे हैं।


.jpg)




.jpg)



