भोपाल, 20 मई ।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल में गूगल के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ एक उच्च स्तरीय रणनीतिक बैठक करेंगे, जिसमें मध्य प्रदेश और गूगल के बीच दीर्घकालिक तकनीकी साझेदारी, क्लाउड तकनीक और एआई आधारित समाधानों के उपयोग पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इस बैठक का उद्देश्य डिजिटल गवर्नेंस को अधिक प्रभावी बनाना और जनसेवाओं को सरल एवं सुलभ करना बताया गया है।
जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के समन्वय से आयोजित यह बैठक प्रदेश में एआई आधारित डिजिटल परिवर्तन और स्मार्ट गवर्नेंस को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बैठक में गूगल क्लाउड इंडिया और वैश्विक स्तर के तकनीकी विशेषज्ञों के साथ-साथ राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।
बैठक में सिंहस्थ 2028 के तकनीक आधारित प्रबंधन, स्मार्ट भीड़ नियंत्रण, एआई आधारित पुलिसिंग, डेटा आधारित निगरानी और नागरिक सेवाओं के आधुनिकीकरण जैसे विषयों पर विशेष रूप से विचार किया जाएगा। इसके अलावा स्वास्थ्य क्षेत्र में एआई आधारित रोग पहचान प्रणाली और डेटा विश्लेषण, कृषि क्षेत्र में डिजिटल सेवाओं की पहुंच तथा शिक्षा में एआई आधारित शिक्षण प्रणाली और कौशल विकास पर भी चर्चा प्रस्तावित है।
साथ ही एआई स्किलिंग, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना, स्टार्टअप इकोसिस्टम के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण में आधुनिक तकनीक के उपयोग की संभावनाओं पर भी मंथन किया जाएगा। यह बैठक प्रदेश में तकनीक आधारित विकास और नवाचार को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।






.jpg)







