केरल में मुख्यमंत्री पद के चयन को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर शनिवार को अहम बैठक जारी रही, जिसमें पार्टी के शीर्ष नेता मौजूद रहे।
इस बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन, वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, केरल कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ, एआईसीसी पर्यवेक्षक मुकुल वासनिक तथा अन्य प्रमुख नेता शामिल हुए। इसके साथ ही नेता दीपा दास मुंशी भी बैठक में मौजूद रहीं।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री पद को लेकर तीन प्रमुख नामों पर विचार किया जा रहा है, जिनमें केसी वेणुगोपाल, वीडी सतीशन और रमेश चेन्निथला शामिल हैं। बताया जा रहा है कि अधिकतर विधायक वेणुगोपाल के पक्ष में हैं, वहीं कार्यकर्ताओं का बड़ा वर्ग सतीशन के समर्थन में है। चेन्निथला का नाम भी दावेदारी में बना हुआ है।
इससे पहले पार्टी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक ने शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट खरगे को सौंपी थी। उन्होंने नवनिर्वाचित विधायकों से अलग-अलग बातचीत कर उनकी राय भी जानी थी। कांग्रेस विधानमंडल दल पहले ही मुख्यमंत्री चयन का निर्णय पार्टी अध्यक्ष पर छोड़ चुका है।
केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा ने 140 में से 102 सीटों पर जीत हासिल की है, जिसमें कांग्रेस को 63 सीटें मिली हैं। अब मुख्यमंत्री चयन और सरकार गठन पर अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान द्वारा लिया जाएगा।










.jpg)