काठमांडू, 29 अप्रैल।
नेपाल में श्रम संस्कृति पार्टी के अध्यक्ष एवं सांसद हर्क सांपांग ने भूमिहीनों की बस्ती पर प्रशासन की ओर से की गई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई के दौरान बस्ती को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया और मानवीय संवेदनाओं की पूरी तरह अनदेखी की गई। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के इस्तीफे की मांग भी उठाई है।
सांपांग ने बुधवार को सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि वर्तमान सरकार ने भूमिहीनों की जमीन पर कार्रवाई करते समय न्यूनतम मानवीय दृष्टिकोण भी नहीं अपनाया। उन्होंने प्रधानमंत्री को संवेदनहीन बताते हुए उनके पद पर बने रहने को अनुचित करार दिया और तत्काल इस्तीफा देने की मांग दोहराई।
उन्होंने यह भी दावा किया कि इस मामले को लेकर संयुक्त राष्ट्र की ओर से पहले ही अपील जारी की गई थी, जिसमें भूमिहीनों की बस्ती हटाने से पहले उन्हें सभी विकल्प उपलब्ध कराने की बात कही गई थी, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
इसी मुद्दे पर नेपाल के राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग सहित कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने भी बुलडोजर कार्रवाई का विरोध दर्ज कराया है और इसे लेकर गंभीर आपत्ति जताई है।






.jpg)




