मध्य प्रदेश
16 May, 2026

दमोह में स्कूल छात्र की मौत से बवाल, परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप

दमोह में एक निजी स्कूल के सात वर्षीय छात्र की भोपाल में उपचार के दौरान मृत्यु के बाद परिजनों ने शिक्षिका पर मारपीट का आरोप लगाते हुए गंभीर लापरवाही और न्याय में देरी का आरोप लगाया है, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

दमोह, 16 मई।

दमोह जिले में एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले सात वर्षीय छात्र की भोपाल में इलाज के दौरान मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि होमवर्क पूरा न करने पर स्कूल में शिक्षिका द्वारा की गई पिटाई के बाद ही बच्चे की हालत गंभीर हुई थी, जिसके बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।

घटना के बाद परिवार में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल बन गया है। शनिवार सुबह परिजन बच्चे का शव लेकर दमोह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और स्कूल प्रबंधन तथा संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

परिजनों के अनुसार तेंदूखेड़ा निवासी काव्य नामदेव, जो आईईएस पब्लिक स्कूल में कक्षा तीसरी का छात्र था, को 19 फरवरी को होमवर्क पूरा न करने पर शिक्षिका देवींद्री ठाकुर ने स्केल से हाथ, पैर और सिर पर मारा था। इसके बाद से ही बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे तेज बुखार, भूख में कमी और धीरे-धीरे गंभीर स्थिति का सामना करना पड़ा।

प्रारंभिक उपचार तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे चिरायु अस्पताल भोपाल रेफर किया गया। परिजनों का कहना है कि एमआरआई रिपोर्ट में सिर में सूजन की पुष्टि हुई थी। इसके बाद इलाज जबलपुर के अपोलो अस्पताल और फिर भोपाल एम्स में जारी रहा, जहां लगभग दो महीने तक इलाज के बाद शुक्रवार शाम बच्चे ने दम तोड़ दिया।

परिजन न्याय की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे, जहां से उन्हें जिला अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। उनका आरोप है कि शुरुआती शिकायत के बावजूद पुलिस ने उनकी रिपोर्ट के अनुसार मामला दर्ज नहीं किया और नामित लोगों को हटा दिया गया। परिवार ने कलेक्टर, एसपी और जिला शिक्षा अधिकारी से भी शिकायत की थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित कर दिया गया है। पोस्टमॉर्टम वरिष्ठ चिकित्सकों के पैनल द्वारा कराया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। घटना के समय शिक्षिका के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया था।

स्कूल प्रबंधन ने बताया कि शिकायत मिलने पर संबंधित शिक्षिका को तत्काल हटा दिया गया था और बच्चे के इलाज में आर्थिक सहायता भी दी गई। साथ ही प्रबंधन ने जांच में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। इस घटना ने स्कूलों में अनुशासन और बच्चों के साथ व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़