आगरा, 15 अप्रैल।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आगरा का नाम रोशन करने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर शहर का गौरव बढ़ाया है। ब्रिटेन की एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पत्रिका ने उन्हें वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर चुना है, जिससे उत्तर प्रदेश के आगरा में खुशी की लहर दौड़ गई।
भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को विजडन अल्मनैक 2026 में प्रतिष्ठित ‘लीडिंग वुमन क्रिकेटर इन द वर्ल्ड’ यानी वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर की रैंकिंग देकर सम्मानित किया गया है। उन्होंने 2025 आईसीसी महिला वनडे विश्व कप में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 22 विकेट लेने के साथ 215 रन भी बनाए, जिसके आधार पर उन्हें यह सम्मान मिला। विजडन पत्रिका में उनका नाम शामिल होने के बाद आगरा के खेल प्रेमियों और क्रिकेट प्रशंसकों में उत्साह का माहौल बन गया। उनके परिवार में उनके भाई, क्रिकेट कोच सुमित शर्मा, पिता भगवान शर्मा और माता सुशीला शर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए इसे आगरा के लिए गर्व का क्षण बताया।
दीप्ति शर्मा के भाई और क्रिकेट कोच सुमित शर्मा ने बताया कि दीप्ति ने हर स्तर पर अपनी क्षमता साबित की है और अब वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। उन्होंने कहा कि विजडन पुरस्कार मिलने से परिवार के सभी सदस्य, मित्र और परिचित बेहद खुश हैं। जिला क्रिकेट एसोसिएशन आगरा के अध्यक्ष से बातचीत में उन्होंने यह भी कहा कि यह सम्मान आगरा क्रिकेट इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और क्रिकेट करियर बनाने की दिशा में प्रेरणा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि विजडन क्रिकेटर्स अल्मनैक ब्रिटेन की एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय वार्षिक क्रिकेट पत्रिका है, जो 1864 से प्रकाशित हो रही है। इसकी शुरुआत प्रसिद्ध क्रिकेटर जॉन विजडन ने की थी और इसमें दिए जाने वाले आंकड़े तथा विश्लेषण को क्रिकेट का मानक और सटीक स्रोत माना जाता है।







.jpg)

.jpg)




