मध्य प्रदेश
30 Apr, 2026

दीवार धंसने से किसान की मौत, बेटे का प्रयास नाकाम

अनूपपुर जिले के धनगवां गांव में कुएं की दीवार धंसने से 46 वर्षीय हीरालाल राठौर की मौत हो गई, पुत्र ने बचाने का प्रयास किया लेकिन असफल रहा, परिवार में शोक।

अनूपपुर, 30 अप्रैल।

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धनगवां के दर्रीटोला में गुरुवार सुबह कुएं के भीतर कार्य कर रहे एक व्यक्ति की अचानक दीवार धंस जाने से जान चली गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत धनगवां निवासी 46 वर्षीय हीरालाल राठौर गुरुवार सुबह कुएं में काम कर रहे थे, तभी अचानक उसकी दीवार भरभराकर गिर गई और वे मलबे में दब गए, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना के दौरान मौजूद 11 वर्षीय पुत्र पंकज राठौर ने अपने पिता को मलबे में दबा देखा तो तुरंत कुएं में उतरकर मिट्टी हटाकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद वह घर पहुंचा और अपनी मां तथा आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर हीरालाल राठौर को कुएं से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया गया है कि हीरालाल राठौर ने लगभग एक वर्ष पूर्व मौहरी गांव में दो एकड़ जमीन खरीदी थी और वह वहां खेती के साथ-साथ नया मकान बनाने की तैयारी कर रहे थे। खेत में पत्थर भी डलवाए गए थे। परिवार के अनुसार पत्नी अंजू बाई ने पत्थर चोरी होने की आशंका जताई थी, जिसके बाद उन्होंने सिंचाई के लिए कुआं बनवाने का निर्णय लिया।

पंकज राठौर के अनुसार करीब 25 हाथ गहरा कुआं खोदा जा चुका था और मिट्टी धंसने से बचाव के लिए पत्थरों से आधी दीवार बनाई गई थी। हीरालाल दीवार और मिट्टी के बीच खाली स्थान को भर रहे थे, तभी ऊपर की मिट्टी अचानक धंस गई और यह हादसा हो गया।

घटना के समय हीरालाल अकेले कुएं में काम कर रहे थे। उनकी पत्नी दूसरे गांव गई हुई थीं, बड़ा बेटा घर पर था, जबकि छोटा बेटा पंकज उनके साथ मौजूद था। इस हादसे के बाद पूरे परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

28° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़