उत्तराखंड
27 Apr, 2026

देहरादून में वित्तीय साक्षरता शिविर का निरीक्षण, गवर्नर ने दिया जागरूकता पर जोर

देहरादून में आयोजित वित्तीय साक्षरता शिविर के निरीक्षण के दौरान आरबीआई गवर्नर ने वित्तीय जागरूकता और समावेशन पर जोर देते हुए विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

देहरादून, 27 अप्रैल।

देहरादून जिले के भोपालपानी, बडासी और सोडा सरौली ग्राम पंचायतों के स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों के लिए सहसपुर स्थित क्रिसिल फाउंडेशन के वित्तीय साक्षरता केंद्र द्वारा आयोजित वित्तीय साक्षरता शिविर का भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने वित्तीय साक्षरता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने वित्तीय जागरूकता बढ़ाने, समृद्धि सुनिश्चित करने तथा दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता को प्रोत्साहित करने के साथ ही भारत सरकार की विभिन्न पेंशन और बीमा संबंधी सामाजिक योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

गवर्नर ने क्रिसिल फाउंडेशन के अधिकारियों से समाज के सभी वर्गों तक, विशेषकर दूरस्थ और वंचित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक वित्तीय शिक्षा पहुंचाने के लिए और अधिक प्रभावी प्रयास करने का आग्रह किया, ताकि वित्तीय समावेशन को मजबूत किया जा सके। साथ ही उन्होंने प्रतिभागियों से कहा कि वे शिविर में प्राप्त वित्तीय जानकारी को अपने परिवार, मित्रों और पड़ोसियों तक भी पहुंचाएं। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से संवाद भी किया।

शिविर में बिजनेस कोरेस्पोंडेंटों द्वारा बुनियादी बैंकिंग सेवाओं सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। स्थल पर सिक्कों और नोटों के आदान-प्रदान के लिए विशेष काउंटर भी स्थापित किए गए थे। साथ ही एक मोबाइल एटीएम वैन की सुविधा भी दी गई, जबकि स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे देखकर गवर्नर ने विशेष रुचि और सराहना व्यक्त की।

इस अवसर पर क्षेत्रीय निदेशक सहित भारतीय रिजर्व बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के वरिष्ठ अधिकारी और खंड विकास अधिकारी भी उपस्थित रहे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़