हरिद्वार, 27 अप्रैल।
बहादराबाद थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय क्षेत्र में सनसनी फैल गई जब अतमलपुर बौंगला बाईपास के निकट एक खेत में अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। शव लहूलुहान अवस्था में मिलने से पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार सुबह ग्रामीण रोजमर्रा की तरह खेतों में काम करने पहुंचे थे, तभी पॉपुलर के खेत में एक शव पड़ा दिखाई दिया। शव को देखते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। घटनास्थल के आसपास शराब और पानी की बोतलें भी पाई गई हैं। मृतक के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रारंभिक तौर पर हत्या की आशंका जताई जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।
मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष आंकी जा रही है, हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन मिला है, जिसके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और मामले का जल्द खुलासा करने का दावा किया गया है।













