हरिद्वार, 27 अप्रैल।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रायसी में जेसीबी मशीन को निजी कार्य के बहाने लेकर उसे वापस न लौटाने, किराया न देने और मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम रायसी निवासी अवनीश पुत्र इलमचंद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी महेंद्रा जेसीबी मशीन उसके परिचित राजकुमार पुत्र पूर्णा सिंह निवासी ग्राम कपूरी, सहारनपुर (वर्तमान निवासी विद्या विहार, कारगी देहरादून) द्वारा निजी कार्य के लिए ली गई थी।
आरोप है कि कुछ समय बाद जब मशीन वापस मांगी गई तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और लंबे समय तक उसे अपने कब्जे में बनाए रखा। इसके बाद भी न तो मशीन लौटाई गई और न ही उसका किराया दिया गया।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि जब उसने अपनी मशीन और किराए की मांग की तो आरोपी ने स्पष्ट रूप से धमकी दी कि न तो किराया दिया जाएगा और न ही मशीन वापस की जाएगी, और यदि ज्यादा दबाव बनाया गया तो जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित ने आरोपी को आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए मशीन वापसी, बकाया किराया दिलाने और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान के अनुसार पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



.jpg)









