हरिद्वार, 27 अप्रैल।
जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए गोकशी और पशु क्रूरता जैसे मामलों में शामिल गिरोह पर कड़ा शिकंजा कस दिया है। इसी कार्रवाई के अंतर्गत रुड़की कोतवाली पुलिस ने तीन शातिर गैंगस्टर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि जिले में रहना है तो अपराध का रास्ता छोड़ना होगा, अन्यथा जेल जाना तय है।
पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक प्रदीप विष्ट के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान गोकशी और पशु क्रूरता में सक्रिय पांच अपराधियों के खिलाफ दर्ज मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को उनके ठिकानों से हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में नौशाद पुत्र बांदा निवासी जौरासी जबरदस्तपुर रुड़की, परवेज पुत्र महमूद निवासी इमली रोड रुड़की तथा साहिल पुत्र शमीम निवासी धोबी वाली गली इमली रोड रुड़की शामिल हैं। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि जिले में सक्रिय पेशेवर और आदतन अपराधियों की सूची तैयार कर ली गई है और आने वाले समय में उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही चारधाम यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।













