फतेहपुर, 27 अप्रैल
जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब घर के बाहर सो रहे एक युवक पर देर रात अज्ञात हमलावर ने गोली चला दी। वारदात में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
धौरहरा गांव निवासी 30 वर्षीय गोबिंद, जो मुंबई में मजदूरी करता है, कुछ दिन पहले ही अपने घर लौटा था। रविवार रात वह एक कार्यक्रम से लौटकर अपने घर के बाहर परिवार के साथ सो गया था, जबकि उसके छोटे बच्चे भी पास में ही सो रहे थे।
रात करीब एक बजे अचानक गोली चलने की आवाज से सभी की नींद खुल गई। देखते ही देखते गोबिंद लहूलुहान हालत में तड़पने लगा, जबकि हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
घटना से घबराए परिजन तुरंत घायल गोबिंद को निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका उपचार जारी है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना को लेकर अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पुलिस अपने स्तर से पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। हमलावर की पहचान और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए हर पहलू खंगाला जा रहा है।













