उत्तराखंड
27 Apr, 2026

लक्सर में पुरानी रंजिश को लेकर परिवार पर हमला, महिला समेत तीन घायल

लक्सर के भूरना गांव में पुरानी रंजिश के चलते दबंगों द्वारा महिला और उसके परिवार पर किए गए जानलेवा हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हरिद्वार, 27 अप्रैल।

लक्सर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भूरना में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों द्वारा एक परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि खेत से घर लौट रही महिला को रास्ते में रोककर पहले उसके साथ गाली-गलौच की गई और फिर हथियारों से लैस होकर घर में घुसकर पूरे परिवार पर हमला कर दिया गया। इस हमले में महिला सहित उसके बेटे और बेटी को गंभीर चोटें आई हैं।

ग्राम भूरना निवासी अमन कुमार पुत्र मदन पाल द्वारा लक्सर कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया गया है कि 23 अप्रैल की शाम लगभग साढ़े सात बजे उसकी मां सोरण देवी खेत से वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव के ही शुभम, अभिषेक पुत्र शशी, सुशील तथा मुकेश पुत्र बुग्गल सिंह ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और अभद्रता शुरू कर दी। किसी तरह महिला घर पहुंची, लेकिन विवाद यहीं समाप्त नहीं हुआ।

आरोप है कि कुछ ही देर बाद आरोपी सरिया, लाठी-डंडे, फावड़े और गंडासे जैसे हथियार लेकर घर में घुस आए और सोरण देवी पर हमला कर दिया। मां को बचाने पहुंचे अमन के छोटे भाई और बहन को भी बेरहमी से पीटा गया। इस दौरान घर में तोड़फोड़ कर दहशत फैलाने की कोशिश भी की गई। शोरगुल सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह परिवार को हमलावरों से बचाया।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने जाते-जाते पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में है।

वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान के अनुसार पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़