मध्य प्रदेश
25 May, 2026

देवास पटाखा फैक्ट्री हादसे की न्यायिक जांच शुरू, रिटायर्ड जज को सौंपी जिम्मेदारी

देवास के टोकंकला स्थित पटाखा फैक्ट्री हादसे की जांच के लिए राज्य सरकार ने सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति सुभाष काकड़े की अध्यक्षता में एक सदस्यीय आयोग गठित किया है।

भोपाल, 25 मई ।

देवास जिले के टोकंकला स्थित पटाखा फैक्ट्री में 14 मई को हुए विस्फोट और अग्निकांड मामले की न्यायिक जांच के लिए राज्य सरकार ने एक सदस्यीय जांच आयोग गठित किया है। इस आयोग की जिम्मेदारी उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति सुभाष काकड़े को सौंपी गई है। इस संबंध में मध्यप्रदेश राजपत्र में अधिसूचना जारी कर दी गई है।

जांच आयोग दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल करेगा। इसके तहत विस्फोट और आग लगने की वजहों की जांच, संभावित लापरवाही की समीक्षा और जिम्मेदारी तय करने जैसे बिंदुओं पर विशेष फोकस रहेगा। साथ ही हादसे के दौरान और उसके बाद अग्निशमन, बचाव कार्य, चिकित्सा सहायता और आपदा प्रबंधन व्यवस्था की प्रभावशीलता का भी परीक्षण किया जाएगा।

आयोग फैक्ट्री में विस्फोटक सामग्री के निर्माण, भंडारण और उपयोग से जुड़े सुरक्षा मानकों, लाइसेंस की शर्तों और वैधानिक प्रावधानों के पालन की स्थिति की भी जांच करेगा। इसके अलावा विस्फोटक अधिनियम, फैक्ट्री अधिनियम, श्रम सुरक्षा नियमों और अन्य संबंधित कानूनों के उल्लंघन की स्थिति का आकलन भी किया जाएगा।

जांच का एक अहम उद्देश्य भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपाय सुझाना भी रहेगा। आयोग सुरक्षा मानकों, निरीक्षण प्रणाली, आपदा प्रबंधन और नियामक व्यवस्था में सुधार संबंधी सिफारिशें राज्य सरकार को सौंपेगा।

सरकार की ओर से तय समयसीमा के अनुसार आयोग राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित होने की तारीख से एक महीने के भीतर अपनी जांच पूरी कर रिपोर्ट राज्य शासन को सौंपेगा। 

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़